सारण में वकील पिता-पुत्र हत्याकांड के गवाह की हत्या मामले का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार

सारण जिले में चर्चित वकील पिता-पुत्र हत्याकांड के गवाह पंकज राय की हत्या मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। विशेष जांच दल (SIT) की कार्रवाई में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

सारण में वकील पिता-पुत्र हत्याकांड के गवाह की हत्या मामले का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार
Image Slider
Image Slider
Image Slider

छपरा: सारण जिले में चर्चित वकील पिता-पुत्र हत्याकांड के गवाह पंकज राय की हत्या मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। विशेष जांच दल (SIT) की कार्रवाई में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार, जिंदा कारतूस और मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।

सारण के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) विनीत कुमार ने मुफस्सिल थाना में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 29 जून की रात पंकज राय और मनीष राय शादी समारोह से लौट रहे थे। इसी दौरान मेथवालिया के समीप मोटरसाइकिल सवार अपराधियों ने दोनों पर जान से मारने की नीयत से गोलीबारी कर दी। इस हमले में पंकज राय की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मामले की जांच के लिए तत्काल एसआईटी का गठन किया गया।

जांच के दौरान पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में नंदन उर्फ करीमन (पिता-अजीत राय), निखिल कुमार (पिता-सवाली सिंह), कुंदन कुमार (पिता-विनोद सिंह) और अंकित कुमार (पिता-राम प्रवेश सिंह) शामिल हैं। सभी आरोपी मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चनचौरा गांव के रहने वाले बताए गए हैं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक पिस्टल, एक देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।

एसएसपी विनीत कुमार ने बताया कि इस मामले के सफल खुलासे में मुफस्सिल थाना पुलिस और डीआईयू (जिला आसूचना इकाई) की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और यदि इस साजिश में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।